रामानुजगंज में पण्डो समाज को बड़ी सौगात : 3 छात्रावास शुरू,13 आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण,12 विद्यार्थियों को मिले ₹25-25 हजार

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,9अक्टूबर2026

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो समाज के बच्चों की शिक्षा,ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण सुविधाओं और आदिवासी परिवारों की, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। रामानुजगंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने तीन प्री-मैट्रिक पण्डो छात्रावासों का शुभारंभ किया। इसके साथ ही 13 आंगनबाड़ी भवनों और पांच पुलियाओं का लोकार्पण किया गया तथा आठ उचित मूल्य दुकान सह गोदाम भवनों के निर्माण का भूमिपूजन हुआ।कार्यक्रम में मधुमक्खियों के हमले में, घायल हुए 12 विद्यार्थियों को छात्र-दुर्घटना बीमा योजना के तहत 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की गई। इसके अलावा पण्डो विशेष स्वास्थ्य शिविर, विभागीय योजनाओं की जानकारी, हितग्राहियों को सामग्री वितरण और टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों का सम्मान भी कार्यक्रम का हिस्सा रहा।

🟠पण्डो विद्यार्थियों के लिए खुले शिक्षा के नए द्वार

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो समाज के विद्यार्थियों के लिए तीन प्री-मैट्रिक छात्रावासों का शुभारंभ किया। इनमें रामानुजगंज का 50-50 सीटर पण्डो बालक छात्रावास,पण्डो बालिका छात्रावास और डिण्डो का 50 सीटर पण्डो बालक छात्रावास शामिल हैं।इन छात्रावासों के माध्यम से कुल 150 विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा और पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को इससे स्कूल तक पहुंचने और नियमित पढ़ाई जारी रखने में मदद मिल सकती हैं।मंत्री ने कहा कि छात्रावास विशेष पिछड़ी जनजाति के बच्चों के लिए शिक्षा के नए अवसर खोलेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई पर ध्यान देने और आगे बढ़कर समाज तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने भी विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा,कि जिला प्रशासन शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा।🟠13 आंगनबाड़ी भवनों से बच्चों को मिलेगा बेहतर वातावरण

कार्यक्रम में लगभग 1 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित 13 आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया गया। ये भवन हरिहरपुर, लोधा, त्रिकुण्डा, बेलकुर्ता, चिनिया, दोलंगी, कमलपुर, पचावल, सलवाही, ताम्बेश्वरनगर, टाटीआथर, तेतरडीह और भंवरमाल में बनाए गए हैं।आंगनबाड़ी केंद्र छोटे बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नए भवनों से बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ आंगनबाड़ी से जुड़ी सेवाओं के संचालन में भी सुविधा मिलने की उम्मीद हैं।मंत्री रामविचार नेताम ने अभिभावकों से अपील की,कि वे बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी और स्कूल भेजें। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए पोषण, शिक्षा और संस्कार पर ध्यान देना जरूरी हैं।

🟠आठ गांवों में बनेंगे उचित मूल्य दुकान सह गोदाम

ग्रामीण परिवारों को राशन उपलब्ध कराने और खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था मजबूत करने के लिए,1 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से आठ उचित मूल्य दुकान सह गोदाम भवनों का भूमिपूजन किया गया।ये भवन रामचंद्रपुर विकासखंड के विमलापुर, बेलकुर्ता, बराहनगर, इन्द्रावतीपुर, कुशफर, विशालपुर, कुर्लूडीह और इन्दरपुर में बनाए जाने हैं।इन भवनों के तैयार होने से संबंधित गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती हैं। गोदाम की व्यवस्था से खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण परिवारों की खाद्य सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में सहायता मिलने की उम्मीद हैं।🟠पांच पुलियाओं से बारहमासी आवागमन को मिलेगा सहारा

कार्यक्रम के दौरान लगभग 54 लाख रुपये की लागत से बनी पांच पुलियाओं का भी लोकार्पण किया गया। ये पुलियाएं त्रिकुण्डा, त्रिशूली, पलगी, सिलाजू और पचावल में बनाई गई हैं।ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात के दौरान रास्तों पर पानी भरने और आवागमन बाधित होने की समस्या सामने आती हैं। पुलियाओं के निर्माण से इन क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इसका लाभ ग्रामीणों को दैनिक आवाजाही, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में मिल सकता हैं।

🟠आर्थिक संपन्नता के साथ संस्कृति को भी सहेजें: रामविचार नेताम

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पण्डो समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा,कि समाज के उत्थान और विकास के लिए वे लगातार सार्थक प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा,कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर समाज के लोग शिक्षा, आजीविका और आर्थिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ें।उन्होंने विशेष रूप से कहा,कि समाज को आर्थिक रूप से संपन्न बनाने के साथ अपनी परंपराओं, संस्कृति और पहचान को भी संरक्षित रखना जरूरी हैं। उनके अनुसार, छात्रावासों से शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों से पोषण और उचित मूल्य दुकानों से, खाद्य सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।मंत्री ने कहा कि सड़क, पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य और राशन व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में हो रहे कार्य ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।🟠मधुमक्खी हमले में घायल 12 विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता

कार्यक्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल विजयनगर के उन 12 विद्यार्थियों को सहायता राशि दी गई,जो 5 अक्टूबर को मधुमक्खियों के हमले में घायल हो गए थे।प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना के दो दिन बाद ही छात्र-दुर्घटना बीमा योजना के तहत सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई थी। इसके अंतर्गत कृषि मंत्री ने प्रत्येक विद्यार्थी को 25 हजार रुपये की सहायता राशि सौंपी। इस प्रकार विद्यार्थियों को कुल 3 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई।घटना के बाद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना प्रभावित परिवारों के लिए राहत का कदम हैं। कार्यक्रम में इस सहायता वितरण को भी प्रमुखता दी गई।

🟠पण्डो विशेष स्वास्थ्य शिविर में एक्स-रे सहित जांच की सुविधा

कार्यक्रम स्थल पर जिला स्तरीय पण्डो विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पण्डो जनजाति के लोगों के साथ अन्य मरीजों को भी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। यहां एक्स-रे की सुविधा भी रखी गई, जिससे हड्डियों से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों को लाभ मिला।स्वास्थ्य शिविर के साथ विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। इनमें स्वास्थ्य, पशुधन विकास, कृषि, मत्स्य, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, श्रम, खाद्य तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग शामिल रहे। कृषि विज्ञान केंद्र बलरामपुर ने भी सहभागिता की।पात्र हितग्राहियों के आवेदन मौके पर भरवाए गए। राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। वन विभाग ने हिंसक वन्यजीवों के कारण हुई जनहानि और पशुहानि पर दी गई तथा लंबित क्षतिपूर्ति राशि की जानकारी दी। कृषि मंत्री ने कृषि विभाग के स्टॉल पर धान की विभिन्न किस्मों का अवलोकन किया।कार्यक्रम में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों को सम्मानित किया गया। साथ ही जनजातीय कला और संस्कृति की प्रस्तुति ने आयोजन को स्थानीय परंपराओं से जोड़ा।इस अवसर पर पण्डो समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण को लेकर विभिन्न पहल सामने आईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें