सूरजपुर में ‘साइबर योद्धा’ अभियान की शुरुआत,स्कूल-कॉलेज से लेकर कुदरगढ़ धाम तक लोगों को साइबर ठगी से बचाएगी पुलिस

न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,11अक्टूबर2026

डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए सूरजपुर पुलिस ने, नागरिकों को जागरूक करने के लिए ‘साइबर योद्धा’ अभियान शुरू किया हैं। इस अभियान के तहत पुलिसकर्मी स्कूलों, कॉलेजों, दुर्गा पूजा पंडालों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताएंगे। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं, ग्रामीणों और आम नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूक बनाना हैं।पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे,प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को भी शामिल किया गया हैं। इसके साथ ही जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को आम लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

🟠स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचेगी पुलिस

आज के समय में मोबाइल फोन, इंटरनेट, ऑनलाइन बैंकिंग और यूपीआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा हैं। इसके साथ ही साइबर ठगी करने वाले अपराधी भी नए-नए तरीके अपना रहे हैं। फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, नकली वेबसाइट,सोशल मीडिया के जरिए धोखाधड़ी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करने जैसी घटनाएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं।

इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए,सूरजपुर पुलिस ने ‘साइबर योद्धा’ अभियान के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने की पहल की हैं। अभियान के तहत पुलिस की टीमें विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी देंगी।विद्यार्थियों और युवाओं को विशेष रूप से सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क करते समय सावधानी बरतने और इंटरनेट पर मिलने वाले संदिग्ध ऑफर से बचने के बारे में बताया जाएगा।

🟠कुदरगढ़ धाम में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

‘साइबर योद्धा’ अभियान के तहत रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को मां बागेश्वरी देवी धाम, कुदरगढ़ में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चौकी प्रभारी कुदरगढ़ संजय यादव द्वारा किया गया।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं मां बागेश्वरी देवी धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान धाम में मौजूद ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी दी गई।

रामसेवक पैकरा ने नागरिकों से अपील की,कि वे साइबर सुरक्षा से जुड़े नियमों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा,कि ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क और जागरूक रहना जरूरी हैं। लोगों को स्वयं सावधानी बरतने के साथ-साथ अपने परिवार, परिचितों और आसपास के नागरिकों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना चाहिए।कार्यक्रम में मां बागेश्वरी देवी धाम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, सचिव आशीष सिंह, कोषाध्यक्ष बलराम सोनी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

🟠OTP और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें

साइबर ठगी से बचाव के लिए सूरजपुर पुलिस लोगों को कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां अपनाने का संदेश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, नागरिकों को अनजान कॉल पर भरोसा करने और जल्दबाजी में कोई आर्थिक लेनदेन करने से बचना चाहिए।

🟠साइबर सुरक्षा के लिए इन बातों का ध्यान रखना जरूरी हैं

🔸️किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, पासवर्ड या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें।

🔸️मोबाइल पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

🔸️किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल न करें।

🔸️पैसे प्राप्त करने के नाम पर आए UPI अनुरोध को बिना समझे स्वीकार न करें।

🔸️सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी और दस्तावेज साझा करते समय सावधानी बरतें।

🔸️नौकरी, इनाम, निवेश या अन्य आकर्षक ऑनलाइन ऑफर की सत्यता जांचे बिना पैसे न भेजें।

🔸️पुलिस का उद्देश्य हैं,कि लोग साइबर अपराधियों के तरीकों को समझें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान समय रहते कर सकें।

🟠साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें संपर्क

सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों को यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाता हैं,तो उसे घबराने के बजाय तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए।साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया जा सकता हैं। इसके अलावा भारत सरकार के आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती हैं।ठगी की जानकारी मिलते ही शिकायत करने से संबंधित लेनदेन पर समय रहते कार्रवाई की संभावना बढ़ सकती हैं। इसलिए पीड़ित व्यक्ति को लेनदेन का विवरण, संबंधित मोबाइल नंबर, संदेश और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने चाहिए।

🟠योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में चल रहा अभियान

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन के मार्गदर्शन में, संचालित इस अभियान का उद्देश्य जिले में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक वातावरण तैयार करना हैं।पुलिस का मानना हैं,कि साइबर अपराधों से निपटने में केवल कार्रवाई ही नहीं,बल्कि आम नागरिकों की जागरूकता भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यदि लोग डिजिटल लेनदेन करते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें,तो ऑनलाइन धोखाधड़ी के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती हैं।‘साइबर योद्धा’ अभियान के माध्यम से सूरजपुर पुलिस विद्यार्थियों, युवाओं, ग्रामीणों और आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। आने वाले समय में स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक आयोजनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें