संदिली सिंह,रायपुर,17अगस्त2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने,भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।
इस अवसर पर साय ने कहा,कि अटल जी छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए,छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का स्वरूप प्रदान किया। यही कारण हैं,कि वे सदैव प्रदेशवासियों की स्मृतियों में जीवित रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया,कि अटल जी बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी थे। कवि, पत्रकार और राजनेता के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री के रूप में उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत की सशक्त छवि स्थापित की। उनके कार्यकाल में ग्रामीण भारत की दिशा बदली, सड़कों का जाल बिछाया गया, किसानों को नई सहूलियतें दी गईं और आदिवासी विभाग का गठन जैसे ऐतिहासिक कार्य हुए।
साय ने कहा,कि अटल जी ऐसे युगपुरुष थे,जिन्हें दलगत राजनीति से परे सभी का स्नेह मिला। वे माँ भारती की प्रतिष्ठा और गौरव के लिए जीवनभर समर्पित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके साथ जुड़ी अनेक स्मृतियाँ आज भी उन्हें प्रेरणा देती हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अटल जी ने सुशासन का मंत्र दिया और आज छत्तीसगढ़ उसी पथ पर आगे बढ़ रहा हैं। राज्य सरकार इस पूरे वर्ष को “अटल निर्माण वर्ष” के रूप में मना रही हैं,और इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा हैं।












