पायल खेमका, अंबिकापुर/छत्तीसगढ़,17अगस्त2025 | विशेष रिपोर्ट — Nexis News
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दादी ग्राम समिति द्वारा आयोजित कृष्ण जन्म महोत्सव ने पूरे गाँव को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया। रंग-बिरंगी सजावट, झिलमिलाती लाइटें और गूँजते हुए भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का उत्सव धूमधाम से मनाया।
महोत्सव का मुख्य द्वार आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे गुब्बारों, रंगीन परदों और मोर की आकृतियों से सजाया गया था। प्रवेश करते ही हर किसी का मन भक्ति और आनंद से भर उठता था। मंच पर सजाए गए झाँकियों और छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण-लीला ने दर्शकों का मन मोह लिया।

ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की झाँकी, आरती और प्रसाद वितरण ने पूरे वातावरण को और भी पावन बना दिया।
कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह से सामूहिक सहयोग से हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने तन-मन-धन से सहयोग किया। महिलाएँ भजनों में शामिल हुईं, बच्चे झाँकियों में अपनी प्रस्तुतियाँ लेकर मंच पर उतरे और बुजुर्गों ने आयोजन की कमान संभाली।
समिति के लोगों का कहना था कि –
“कृष्ण जन्म महोत्सव केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारी आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है।”

महोत्सव ने दादी ग्राम समिति ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र को एक नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश दिया है कि जब लोग मिलकर कार्य करते हैं तो भक्ति और आनंद की गंगा बह निकलती है।












