संदिली सिंह,रायपुर,26अगस्त2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।इसी कड़ी में धमतरी और कुरूद में इंडोर बैडमिंटन हॉल/मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई हैं।
🟠खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
राज्य सरकार क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खेलों को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचे, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन योजनाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में पदक विजेताओं को 1 से 3 करोड़ रुपये तक की पुरस्कार राशि देने की योजना भी इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं।
खेलों के विकास के लिए मैदानों का उन्नयन, अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरण, खेल क्लबों को आर्थिक सहायता और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने जैसी पहलें भी की जा रही हैं।
🟠धमतरी और कुरूद को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधा
कलेक्टर धमतरी के अनुसार, धमतरी और कुरूद में इंडोर बैडमिंटन हॉल/स्पोर्ट्स हॉल प्रोजेक्ट के लिए लगभग 5-5 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई हैं। यहां खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इनडोर खेलों की सुविधाएं मिलेंगी, जिनमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, स्नूकर, तीरंदाजी, योग, स्क्वॉश, बास्केटबॉल, पिकलबॉल आदि शामिल हैं।
🟠खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए बेहतर प्रावधान
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के आराम के लिए प्लेयर रूम, दर्शकों और प्रतिभागियों के लिए वेटिंग एरिया, फर्स्ट एड रूम तथा महिला-पुरुषों के लिए अलग शौचालय जैसी सुविधाएं होंगी। इससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
🟠स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मौका
धमतरी और कुरूद में अनेक युवा खेलों में सक्रिय हैं, लेकिन संसाधनों और प्रशिक्षण केंद्र की कमी से वे अपनी प्रतिभा को आगे नहीं बढ़ा पाते थे। इन इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्सों से स्थानीय खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा और वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकेंगे।
धमतरी और कुरूद में बनने वाले ये मल्टीपर्पज इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खेल क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगे और प्रदेश में खेलों की नई दिशा तय करेंगे।












