संदिली सिंह,रायपुर,सरगुजा,7सितंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा अंतर्गत प्रतापगढ़ स्थित DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में घटित एक घटना ने शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया हैं। दूसरी कक्षा की एक मासूम छात्रा को सजा के तौर पर सौ बार उठक-बैठक कराने की घटना न केवल स्कूल प्रशासन बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना स्कूल की शिक्षिका नम्रता गुप्ता से जुड़ी हैं, जिन पर आरोप हैं,कि उन्होंने मासूम छात्रा को शारीरिक सजा दी। लेकिन इससे भी चौंकाने वाली बात यह रही,कि इस पूरे मामले की जानकारी मुख्य कार्यालय तक नहीं पहुँचाई गई और न ही दोषी शिक्षिका पर समय रहते कोई कार्रवाई की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए,DAV छत्तीसगढ़ ज़ोन ने कड़ा कदम उठाते हुए,प्रभारी शिक्षक राजीव सिंह को तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकालीन अवकाश पर भेज दिया हैं। क्षेत्रीय अधिकारी ने यह आदेश जारी करते हुए,स्पष्ट किया कि स्कूल प्रशासन को इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेना होगा, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाहियों की पुनरावृत्ति न हो।
इसके साथ ही प्रतापगढ़ स्थित DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल के प्रबंधक को निर्देश दिए गए हैं,कि वे तत्काल एक जांच समिति गठित करें और इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत करें। इस कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना हैं,कि स्कूल परिसर में अनुशासन के नाम पर बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार न हो और शिक्षा का वातावरण सुरक्षित एवं सकारात्मक बना रहे।
इसके अलावा इस आदेश की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी, अंबिकापुर; कलेक्टर, अंबिकापुर; DAV CMC नई दिल्ली के निदेशक डॉ. वी. सिंह और DAV छत्तीसगढ़ ज़ोन के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी को भी भेजी गई हैं, ताकि सभी संबंधित विभाग इस मामले की गंभीरता से निगरानी कर सकें।
मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही,दोषी शिक्षिका के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। शिक्षा विभाग और DAV प्रशासन का कहना हैं,कि बच्चों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












