संदिली सिंह,रायपुर/छत्तीसगढ़,30सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
विकासशील, भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 94 बैच के अधिकारी ने आज मंत्रालय, महानदी भवन में मुख्य सचिव का कार्यभार ग्रहण किया। वे छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव हैं। इससे पहले वे एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर तैनात थे।
आईएएस बनने के बाद श्री विकासशील को मध्य प्रदेश कैडर मिला था। नवंबर 2000 में मध्यप्रदेश के विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला। उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिलों के कलेक्टर के रूप में कार्य किया और स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभागों में सचिव पद पर भी तैनात रहे। अप्रैल 2007 से अप्रैल 2008 तक वे रायपुर के कलेक्टर भी रहे।वर्ष 2018 से वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भारत सरकार में कार्यरत थे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और जल शक्ति मंत्रालय के जल जीवन मिशन में मिशन डायरेक्टर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विकासशील का जन्म 10 जून 1969 को हुआ। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. और एम.ई. की डिग्री हासिल की। इसके अलावा, उन्होंने सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी, अमेरिका से लोक प्रशासन में मास्टर और एक्जीक्यूटिव मास्टर की डिग्री और स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन में एडवांस्ड स्टडी का सर्टिफिकेट कोर्स किया हैं।












