Nexis News

पीएम मोदी कल पहुंचेंगे छत्तीसगढ़ : नवा रायपुर के स्पीकर हाउस में करेंगे रात्रि विश्राम, IIM रायपुर में 60वीं DGP–IGP कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ

न्यूज डेस्क,स्पेशल रिपोर्ट,रायपुर/छत्तीसगढ़/27नवम्बर2025—Nexis News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सप्ताह छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मोदी 28 नवंबर की शाम रायपुर पहुंचेंगे, अगले दिन 29 नवंबर को नवा रायपुर में आयोजित DG–IG कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ करेंगे और 30 नवंबर की शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

🟠केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व NSA चीफ अजीत डोभाल भी करेंगे भागीदारी

उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे, जबकि समापन सत्र की अध्यक्षता प्रधानमंत्री मोदी स्वयं करेंगे। इसके अलावा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, खुफिया एजेंसियों के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

🟠28 नवंबर: शाम को रायपुर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी का विशेष विमान 28 नवंबर की शाम रायपुर एयरपोर्ट पर उतरेगा। आगमन के बाद वे सीधे नवा रायपुर स्थित स्पीकर हाउस जाएंगे, जहां उनके रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। रायपुर पुलिस, जिला प्रशासन और विशेष सुरक्षा समूह (SPG) ने पूरे रूट और विश्राम स्थल पर व्यापक सुरक्षा कवच तैयार किया है।

🟠29 नवंबर: देशभर के पुलिस प्रमुखों की बड़ी बैठक का होगा शुभारंभ

29 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी IIM रायपुर परिसर में आयोजित होने वाले DG–IG कॉन्फ्रेंस का विधिवत शुभारंभ करेंगे। यह सम्मेलन तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के DGP, IGP, खुफिया एजेंसियों के प्रमुख और केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

🟠बैठक में निम्न मुद्दे प्रमुख रहेंगे—

🔸आंतरिक सुरक्षा की मौजूदा चुनौतियाँ
🔸नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की रणनीति
🔸साइबर क्राइम पर रोकथाम
🔸ड्रग्स नेटवर्क और संगठित अपराध
🔸राज्य–केंद्र समन्वय
🔸आतंकवाद से निपटने के लिए नई तकनीकों का उपयोग

प्रधानमंत्री शुभारंभ के बाद अधिकारियों के साथ एक विशेष सत्र में भी शामिल हो सकते हैं।

🟠30 नवंबर: सभी कार्यक्रमों के बाद शाम को दिल्ली वापसी

30 नवंबर को प्रधानमंत्री कुछ निर्धारित बैठकों और सुरक्षा अधिकारियों के साथ समीक्षा चर्चाओं में शामिल होंगे। दौरे के समापन के बाद शाम लगभग 5:30 बजे वे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

प्रधानमंत्री की मौजूदगी के चलते रायपुर शहर में सुरक्षा घेरा कई स्तरों पर बढ़ाया गया है, एयरपोर्ट से लेकर IIM रायपुर तक विशेष रूट तय किए गए हैं,और यातायात व्यवस्था में भी अस्थायी बदलाव किए जा सकते हैं।

🟠छत्तीसगढ़ के लिए यह आयोजन क्यों महत्वपूर्ण?

छत्तीसगढ़ पहली बार DG–IG कॉन्फ्रेंस की मेजबानी कर रहा है। राज्य, विशेषकर बस्तर जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा रणनीति और विकास योजनाओं पर होने वाली चर्चा से प्रत्यक्ष लाभ की उम्मीद है। इसके साथ ही यह आयोजन राज्य की प्रशासनिक क्षमता और राष्ट्रीय स्तर पर उसकी भूमिका को भी मजबूत करेगा।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!