संदिली सिंह,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,16जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों को उन्नत खेती और पशुपालन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में,एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने केवीके चलता में विधानसभा क्षेत्र के किसानों की बैठक ली। बैठक में क्षेत्र के सभी विकासखंडों से चयनित किसानों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक और लाभकारी खेती की ओर प्रेरित करना एवं उन्हें वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षित करना था। विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा,कि आने वाले समय में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों को उन्नत कृषि और पशुपालन का विशेष प्रशिक्षण दिलाने के लिए चिन्हित किसानों को राज्य से बाहर भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया,कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों को अंगूर, अनार और केला जैसी व्यावसायिक फसलों की खेती के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, बकरी पालन और सूकर पालन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे क्षेत्र के किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़ते हुए अधिक उत्पादन और बेहतर आय अर्जित कर सकेंगे।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा,कि इस पहल से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। प्रशिक्षण प्राप्त किसान आगे चलकर क्षेत्र के अन्य किसानों को भी उन्नत खेती की जानकारी देकर कृषि विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।
केवीके चलता में आयोजित इस बैठक में विधायक की पहल से किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसानों ने इसे क्षेत्र के लिए दूरदर्शी कदम बताते हुए कहा,कि इस तरह के प्रशिक्षण से खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकेगा।












