Nexis News

पीएम किसान सम्मान निधि से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश

संदिली सिंह,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,4फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने ऑनलाइन उपस्थिति, ई-ऑफिस,आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम,धान उठाव, स्वास्थ्य सेवाएं, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं एवं समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर कटारा ने आकांक्षी विकासखंड अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा करते हुए,अभियान के तहत संचालित विभिन्न सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों को हासिल किया जाए।उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं एग्री-स्टेक में पंजीयन की जानकारी लेते हुए विशेष शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के अंतर्गत अधिक से अधिक महिलाओं की स्क्रीनिंग करने, विकासखंडवार टीकाकरण में प्रगति लाने एवं क्षय रोग मरीजों के उपचार में सतत फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य जांच कवरेज बढ़ाने तथा नियमित फील्ड विजिट कर स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग करने पर भी जोर दिया।इसके साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातीय पहाड़ी कोरवा क्षेत्रों में निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने एनआरसी सेंटर के संचालन, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के अंतर्गत पंजीयन, आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों की शीघ्र भर्ती तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत लंबित आवासों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों के लंबित समय-सीमा प्रकरणों एवं आवेदनों का निर्धारित अवधि में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर कटारा ने स्पष्ट निर्देश दिए,कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी राज्य शासन के निर्देशानुसार समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें तथा फील्ड विजिट से पूर्व अनिवार्य रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराएं। उन्होंने बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश देते हुए सभी विभागों को शत-प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही फाइलों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर  आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, अभिषेक गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!