संदिली सिंह,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,8फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
राजपुर थाना क्षेत्र में भोले-भाले ग्रामीण किसान से धान बिक्री की रकम ठगने वाले उठाईगिरी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया हैं। इस मामले में फरार चल रहे दूसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई राशि में से 38 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की हैं।मामला 02 फरवरी 2026 का हैं,जब ग्राम डांड खड़ुआ निवासी निबल साय अपने बेटे के साथ सहकारी बैंक राजपुर से धान बिक्री की 49 हजार रुपये की राशि निकालने पहुंचे थे। बेटे के अलग हो जाने के बाद निबल साय अकेले पैदल गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनसे तंबाकू मांगकर बातचीत शुरू की और बेटे को पहचानने का झांसा देकर विश्वास में ले लिया।
आरोपियों ने गांव तक छोड़ने की बात कहकर रुपयों से भरा तौलिया अपने पास लिया और कुछ दूर आगे दुकान से सामान लेने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। बाद में पीड़ित ने थाना राजपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस अधीक्षक बलरामपुर रामानुजगंज के निर्देश पर राजपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। CCTV फुटेज के आधार पर पहले आरोपी जेल कुमार को गिरफ्तार कर 20 हजार रुपये बरामद किए गए। इसके बाद फरार मुख्य आरोपी राम सिंह पिता नान साय, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम तूंगा थाना लखनपुर जिला सरगुजा को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के कब्जे से 18 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 ED 5697 जब्त की गई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। शेष राशि खाने-पीने और घूमने में खर्च कर दी गई थी।दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीण इलाकों में सक्रिय उठाईगिरी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई मानी जा रही हैं।












