संदिली सिंह,कोंडागांव,छत्तीसगढ़,6जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री Arun Sao ने रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास रूट का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बायपास के दोनों छोरों का निरीक्षण करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।उप मुख्यमंत्री ने कहा,कि बस्तर संभाग और पूरे छत्तीसगढ़ की दृष्टि से केशकाल घाट बायपास एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना हैं।
इस मार्ग के शुरू होने से रायपुर और बस्तर के बीच आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कर यातायात के लिए जल्द शुरू किया जाए।लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 308 करोड़ रुपये की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबे फोरलेन बायपास का निर्माण कराया जा रहा हैं। परियोजना के तहत दो वृहद पुल और दो मध्यम पुलों का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम बनेगी।
निरीक्षण के दौरान साव ने केशकाल से सलना तक सड़क मजबूतीकरण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।अपने दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बेड़मा गांव में जल जीवन मिशन के तहत आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर विधायक Neelkanth Tekam, कलेक्टर Nupur Rashi Panna सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।












