संदिली सिंह,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,6जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी सामने आई हैं। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर में अत्याधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम (प्रेक्षागृह) निर्माण के लिए 5 करोड़ 71 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी हैं।यह बहुप्रतीक्षित परियोजना जिले के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ऑडिटोरियम छात्रों के लिए सेमिनार, कार्यशालाओं, शैक्षणिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और व्यक्तित्व विकास गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
ऑडिटोरियम के निर्माण के बाद महाविद्यालय के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही जिले के प्रतिभाशाली युवा अपनी कला, संस्कृति, नाटक, संगीत और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन एक आधुनिक मंच पर कर सकेंगे।विशेषज्ञों का मानना है कि आदिवासी बहुल और दूरस्थ जिले बलरामपुर में इस तरह की आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। इससे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
🟠मुख्यमंत्री का जताया आभार
इस उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा,कि प्रदेश में सुशासन और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही सरकार शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने इस सौगात के लिए जिलेवासियों, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बधाई दी।उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट प्रावधानों के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। ऑडिटोरियम का निर्माण पूरा होने के बाद बलरामपुर जिले को शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक नया पहचान केंद्र मिलेगा।












