अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,12जून 2026
जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मिर्च के पौधे को लेकर शुरू हुआ,पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान टांगी और हाथ-मुक्कों से हुई मारपीट में,पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया हैं।पुलिस के अनुसार ग्राम भागवतपुर निवासी तिलदेव अगरिया ने थाना शंकरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई,कि उसके बड़े भाई नंदलाल अगरिया के खेत से कुछ मिर्च के पौधे टूट गए थे। इसी बात को लेकर नंदलाल अगरिया ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर तिलदेव पर पौधे तोड़ने का आरोप लगाया।
शिकायत के मुताबिक 1 मई 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच नंदलाल अगरिया, उसकी पत्नी सविता अगरिया और पुत्र कार्तिक अगरिया तिलदेव के घर पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए,विवाद शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान कार्तिक अगरिया ने हाथ में रखी टांगी से तिलदेव पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।पीड़ित ने बताया,कि हमले के बाद अन्य आरोपियों ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के दौरान उसकी पत्नी निर्मला अगरिया को भी बेरहमी से पीटा गया। निर्मला के सिर पर तीन स्थानों पर गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ बेहोशी की हालत में घर के पास पड़ी मिली।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को शंकरगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया।जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने नंदलाल अगरिया (45 वर्ष), सविता अगरिया (35 वर्ष) और कार्तिक अगरिया (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस का कहना हैं,कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी हैं।











