न्यूज डेस्क,सारंगढ़,छत्तीसगढ़,13जून2026
नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ को लेकर संकुल केंद्र मिडमिडा में शनिवार को संकुल अंतर्गत सभी विद्यालयों के संस्था प्रमुखों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 16 जून से शुरू होने वाले नए शिक्षा सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शाला प्रवेश उत्सव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक संकुल प्रभारी अजीता लकड़ा एवं संकुल समन्वयक बिजेंद्र चौहान के नेतृत्व में संपन्न हुई। संकुल समन्वयक बिजेंद्र चौहान ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत करते हुए सभी विद्यालयों में स्कूल परिसर, किचन शेड, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से तैयार रहनी चाहिए ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
बैठक में निर्णय लिया गया,कि 16 जून को शाला प्रवेश उत्सव पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विशेष स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें न्योता भोजन भी कराया जाएगा। साथ ही निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों और गणवेशों का वितरण भी प्रारंभ किया जाएगा।शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए पहले दिन से ही ब्लूप्रिंट आधारित अध्ययन-अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने, बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत करने और परीक्षा परिणामों में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि प्रथम तिमाही में विद्यार्थियों की उपस्थिति 80 प्रतिशत से कम न रहे। इसके लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाकर बच्चों एवं अभिभावकों को विद्यालय से जोड़ने तथा अधिकाधिक नामांकन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।विद्यालयों में अनुशासन और संस्कारयुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिदिन सुबह तथा अवकाश के बाद नियमित प्रार्थना कराने के निर्देश दिए गए। वहीं मध्यान्ह भोजन के दौरान विद्यार्थियों को कतारबद्ध बैठाकर भोजन कराने और स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही गई।
बैठक के अंत में संकुल प्रभारी अजीता लकड़ा एवं संकुल समन्वयक बिजेंद्र चौहान ने सभी संस्था प्रमुखों को नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देने का आह्वान किया।बैठक में प्राथमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक प्रभुदत्त पढ़ी, चंचला बैरागी, हेमंत निर्मलकर, नेहा टंडन एवं रिंकी बिसी, माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक विजय लक्ष्मी दुबे एवं शशिकिरण तिग्गा सहित हाई स्कूल मिडमिडा के शिक्षकगण उपस्थित रहे।












