अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,16जून 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे,अभियान के तहत राजपुर पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली हैं। पशु तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी सलमान उर्फ सहजाद आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया हैं। मामले में अब तक 12 भैंस, एक पिकअप वाहन और एक ब्रेजा कार जब्त की जा चुकी हैं,जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी,कि कुछ लोग मवेशियों को क्रूरतापूर्वक वाहन में भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस ने ग्राम गोपालपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP-65 QT-1375 को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में भैंसों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप चालक अशोक गिरी, निवासी चंदौली (उत्तर प्रदेश) को मौके से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए थे। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी मवेशियों को वध के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे।
विवेचना के दौरान फरार आरोपी सलमान उर्फ सहजाद आलम (28 वर्ष), निवासी विष्णुपुरा, थाना त्रिकुंडा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पशु परिरक्षण अधिनियम 2024 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(डी) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, ब्रेजा कार तथा 12 भैंसों को जब्त किया हैं। जब्त पशुओं को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया हैं। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही हैं।बलरामपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की हैं, कि पशु तस्करी, अवैध पशु परिवहन अथवा पशुओं के प्रति क्रूरता से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।












