न्यूज डेस्क,रायगढ़,छत्तीसगढ़,17जून2026
रायगढ़ जिले के चारमार क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने,वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। कोयला परिवहन के लिए जा रही एक मालगाड़ी ने रेलवे ट्रैक पार कर रही एक मादा हाथी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और हाथियों के झुंड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9 बजे 40 से 45 हाथियों का एक बड़ा दल चारमार क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान घरघोड़ा की ओर जा रही तेज रफ्तार मालगाड़ी अचानक वहां पहुंच गई। झुंड के अधिकांश हाथी ट्रैक पार कर गए, लेकिन एक मादा हाथी ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी, कि हाथी कई फीट दूर जाकर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। धरमजयगढ़ वनमंडलाधिकारी सहित घरघोड़ा और छाल रेंज के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल हाथी को बचाने के लिए रात में ही पशु चिकित्सकों की विशेष टीम बुलाकर उपचार शुरू किया गया।
वन विभाग द्वारा मादा हाथी को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। कई घंटे तक चले उपचार के बावजूद उसने दम तोड़ दिया। हाथी की मौत से वन अमला और स्थानीय ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त हैं।वन विभाग के अनुसार हादसे के समय हाथियों का पूरा झुंड आसपास मौजूद था। घटना के बाद हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही हैं,ताकि किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। ग्रामीणों में भी हाथियों के व्यवहार को लेकर चिंता का माहौल हैं।
यह हादसा एक बार फिर रेलवे ट्रैक पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े करता हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही कोई नई बात नहीं हैं। इसके बावजूद ट्रेन संचालन के दौरान पर्याप्त सतर्कता नहीं बरती जाती, जिसके कारण आए दिन मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आती हैं।फिलहाल वन विभाग मामले की जांच कर रहा हैं और हाथी की मौत के कारणों तथा परिस्थितियों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा हैं।












