अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,4जुलाई 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने,शनिवार को 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल रामानुजगंज का औचक निरीक्षण कर, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, ऑपरेशन थियेटर, प्रसव कक्ष तथा पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
🟠चिकित्सकों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया,कि आपातकालीन सेवाओं में डॉक्टरों की उपलब्धता हर परिस्थिति में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा,कि मरीजों के उपचार, ड्यूटी निर्वहन या स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
🟠स्वच्छता और मेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर विशेष जोर
अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने, मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निष्पादन तथा संक्रमण नियंत्रण के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
🟠मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता
प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रतिमाह होने वाले प्रसवों की जानकारी ली और प्रसव कक्ष को पूरी तरह स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं संक्रमणमुक्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
🟠एनआरसी में माताओं से की चर्चा
पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती बच्चों की माताओं से बातचीत कर कलेक्टर ने बच्चों के स्वास्थ्य और वजन में हो रहे सुधार की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि माताओं को पौष्टिक आहार, स्वच्छ पेयजल, परिवार नियोजन और बच्चों की समुचित देखभाल के संबंध में नियमित परामर्श दिया जाए।इसके साथ ही भर्ती मरीजों और बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।












