न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,10जुलाई 2026
जशपुर जिले के मनोरा स्थित पीएम श्री शासकीय उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अभिषेक कुमार ने शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन और अधोसंरचना को लेकर सख्त रुख अपनाया। निरीक्षण में जहां लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए, वहीं विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए।निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिन्हा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार पटेल और प्रोग्रामर अरुण कुमार चंद्रा भी मौजूद रहे।
🟠अनुपस्थित कर्मचारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीईओ ने लंबे समय से अनुपस्थित सहायक ग्रेड-3 बलदेव पैंकरा के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं अनुपस्थित व्याख्याता मधुरलता बंजारे और नैंसी तिर्की को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा,कि शैक्षणिक कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
🟠स्कूल की आधारभूत सुविधाओं में होंगे बड़े सुधार
विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सीईओ ने कई अहम निर्देश जारी किए। इनमें—
🔸️विद्यालय एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करना।
🔸️विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु वाटर फिल्टर लगाना।
🔸️मध्यान्ह भोजन भवन में सुरक्षा जाली लगाना।
🔸️परिसर में पेवर ब्लॉक बिछाना।
🔸️प्रार्थना सभा (असेंबली) के लिए मंच का निर्माण।
🔸️प्रत्येक कक्षा में पर्याप्त रोशनी के लिए ट्यूब लाइट लगाना।
🔸️कक्षावार छात्र संख्या एवं समय-सारणी प्रदर्शित करना।
🟠कंप्यूटर और साइंस लैब पर रहेगा विशेष फोकस
सीईओ ने फिजिक्स लैब के आधुनिकीकरण और कंप्यूटर लैब का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा कंप्यूटर लैब के उपयोग का वीडियो तैयार कर प्रगति प्रतिवेदन के साथ जिला पंचायत कार्यालय भेजने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा खेलकूद सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
🟠”बच्चों के भविष्य से नहीं होगा कोई समझौता”
निरीक्षण के बाद सीईओ अभिषेक कुमार ने कहा,कि विद्यालयों में केवल भवन और सुविधाओं का विकास ही नहीं, बल्कि अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा हैं,ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर माहौल मिल सके। उन्होंने कहा,कि “बच्चों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।”











