Nexis News

बलरामपुर में जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश : कलेक्टर ने अधिकारियों को दिया सख्त संदेश, पुनर्वास नीति, रोजगार और शिक्षा पर विशेष जोर

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,13जुलाई 2026

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में, सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में, आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में जिले के विकास कार्यों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर ने वीबी जी रामजी के तहत, अधिक से अधिक रोजगार स्वीकृत करने और पात्र हितग्राहियों को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से नियमित मैदानी निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के प्रभावी संचालन और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।कलेक्टर ने नक्सलवादी आत्मसमर्पण/पीड़ित राहत पुनर्वास नीति-2025 की समीक्षा करते हुए कहा,कि सभी पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया,कि आत्मसमर्पित नक्सलियों, नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों, घायल नागरिकों एवं संपत्ति क्षति झेलने वाले लोगों को नियमानुसार राहत और पुनर्वास योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने के निर्देश भी दिए।शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य करने, विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने, मध्यान्ह भोजन में हरी सब्जियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पाठ्यपुस्तक, गणवेश और सरस्वती साइकिल योजना के शत-प्रतिशत वितरण के निर्देश दिए।बैठक में जाति एवं आय प्रमाण-पत्र शिविर, यूडीआईडी कार्ड, स्कूल जतन योजना, राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा, खाद-बीज उपलब्धता, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) तथा एग्रीस्टैक पंजीयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी कार्यों में तेजी लाने और समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में लंबित शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नामांतरण, बंटवारा और लंबित पेंशन प्रकरणों के त्वरित निपटारे के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, प्रमोद गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!