न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,13जुलाई 2026
सरगुजा पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर 5 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए, एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी 5 लाख रुपये की नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई हैं। मामले का खुलासा थाना गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने किया।पुलिस के अनुसार, जवाहर मार्केट कॉलोनी निवासी सुभाष अग्रवाल ने 12 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी,कि वे परिवार के साथ कोरबा गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए नौकर ईश्वर यादव को छोड़ा गया था। देर रात सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने नौकर के हाथ-पैर बांधकर घर में घुसकर 5 लाख रुपये और सोने के गहने चोरी कर लिए हैं।
जांच के दौरान पुलिस को नौकर की कहानी पर संदेह हुआ। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ,कि घर का नौकर ईश्वर यादव, ड्राइवर संदीप कुमार साहू, अनुराग दास और एक विधि से संघर्षरत बालक ने, मिलकर पूरी वारदात की साजिश रची थी। चोरी के बाद शक से बचने के लिए ईश्वर यादव ने खुद के हाथ-पैर बांधकर अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।विवेचना के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि घर से सोने के गहने चोरी नहीं हुए थे। शिकायतकर्ता की पत्नी ने गहने पहले ही सुरक्षित स्थान पर रख दिए थे, जिसकी जानकारी जल्दबाजी में नहीं हो सकी थी। वास्तविक रूप से केवल 5 लाख रुपये नकद चोरी हुए थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने डीआईईटी परिसर की बाउंड्री के पीछे छिपाकर रखे 5 लाख रुपये नगद बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल (CG15 EB 0739) भी जब्त कर ली गई।डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना गांधीनगर और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तार बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।












