अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,17जुलाई 2026
बछराजकुंवर धाम क्षेत्र में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना और डूबने की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वाड्रफनगर की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
🟠धाम क्षेत्र में शराब और हड़िया पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
बैठक में निर्णय लिया गया,कि पूरे बछराजकुंवर धाम क्षेत्र को मदिरा मुक्त क्षेत्र बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। धाम परिसर में शराब और हड़िया के सेवन व बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे और मुनादी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
🟠पुलिस सहायता केंद्र और विशेष सुरक्षा व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए धाम परिसर में पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया जाएगा। साथ ही डायल-112 की नियमित गश्त, अतिरिक्त होमगार्ड जवानों की तैनाती और पैदल पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी। बुधवार, शुक्रवार और रविवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।
🟠एम्बुलेंस, मोबाइल नेटवर्क और बिजली सुविधा पर भी जोर
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा, मोबाइल नेटवर्क और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। प्रमुख स्थानों पर आवश्यक संपर्क नंबरों सहित सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।
🟠अवैध शराब और ड्रिंक एंड ड्राइव पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने आबकारी विभाग को अवैध शराब के, विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा पुलिस को ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन वाहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सुरक्षा के मद्देनज़र प्रतिदिन शाम 5 बजे के बाद धाम परिसर खाली कराया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बैगा, दुकानदारों और पुलिस अधिकारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया,कि बछराजकुंवर धाम में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।











