न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,19जुलाई 2026
सरगुजा पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से हुई, मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए, एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की हैं। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में थाना मणिपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए,चोरी की गई करीब ₹50 हजार कीमत की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया हैं, जबकि वारदात में शामिल उसका एक साथी अभी फरार हैं,जिसकी तलाश तेज कर दी गई हैं।
🟠जिला अस्पताल से ड्यूटी के दौरान चोरी हुई थी बाइक
पुलिस के मुताबिक बाबूपारा निवासी गंगा प्रसाद बंजारे 10 जुलाई की रात ड्यूटी के लिए,अपनी होंडा शाइन (CG-09-JE-7588) से जिला अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे थे। उन्होंने बाइक अस्पताल परिसर में खड़ी की थी, लेकिन ड्यूटी समाप्त होने के बाद लौटने पर वाहन गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर 13 जुलाई को थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
🟠मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, कि चोरी की वारदात में शामिल संदिग्ध समीर अंसारी उर्फ गजनी (22 वर्ष) चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना मणिपुर पुलिस ने, घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
🟠झाड़ियों में छिपाकर रखी थी चोरी की बाइक
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने,मठपारा क्षेत्र की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चोरी की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के वाहन को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
🟠पहले भी कई मामलों में शामिल रहा हैं,आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी समीर अंसारी उर्फ गजनी के खिलाफ पहले भी चोरी और आगजनी जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
🟠फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश
पुलिस ने बताया कि इस चोरी की घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही हैं। सरगुजा पुलिस का कहना हैं,कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











