अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,27जुलाई 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने,सोमवार को आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए,सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में माय भारत पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु, एग्रीस्टैक पंजीयन, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम, जल जीवन मिशन, पेंशन प्रकरण, जन शिकायत एवं उच्च न्यायालय में लंबित मामलों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
🟠माय भारत पोर्टल से जोड़ें अधिक से अधिक युवाओं को
बैठक में कलेक्टर ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत (MY Bharat) पोर्टल की समीक्षा करते हुए,अधिकारियों को अभियान चलाकर जिले के अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा, कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर राष्ट्र निर्माण, स्वयंसेवा, कौशल विकास, सामुदायिक भागीदारी, स्वरोजगार, अनुभवात्मक शिक्षा एवं विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय से पंजीयन अभियान चलाएं और नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करें।
🟠मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सेवा सेतु के मामलों का करें गुणवत्तापूर्ण निराकरण
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं सेवा सेतु में प्राप्त लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए,अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि निराकरण के बाद आवेदकों से फीडबैक लेना भी अनिवार्य हैं,ताकि शिकायतों का वास्तविक समाधान सुनिश्चित हो सके।
🟠पीड़ित राहत पुनर्वास नीति के पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता
बैठक में नक्सलवादी आत्मसमर्पण एवं पीड़ित राहत पुनर्वास नीति-2025 की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया,कि जिले में 92 पात्र प्रकरण चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर जीवनयापन कर सकें।
🟠आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन के निर्देश
कलेक्टर ने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की समीक्षा करते हुए,संबंधित अधिकारियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण सहित सभी निर्धारित मानकों में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने पर जोर दिया।
🟠जल जीवन मिशन की 772 योजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने, संबंधित अधिकारियों को 772 योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत आपूर्ति, खराब सोलर सिस्टम तथा अन्य तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा।
🟠एग्रीस्टैक में शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन कराने पर जोर
बैठक में एग्रीस्टैक पंजीयन एवं बकेट क्लेम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी समितियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि कोई भी पात्र किसान इस महत्वपूर्ण योजना से वंचित न रहे।
🟠लंबित पेंशन प्रकरणों और जन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कोषालयीन लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए,कलेक्टर ने दस्तावेजों की कमी एवं अन्य विसंगतियों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन मिल सके।इसके अलावा पीजी पोर्टल, जन शिकायत, जनदर्शन, मुख्यमंत्री जनदर्शन तथा उच्च न्यायालय में लंबित मामलों की भी विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर जवाब एवं पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
🟠स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
बैठक के अंत में कलेक्टर ने आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए,संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











