Nexis News

शिक्षा विभाग की तबादला सूची जारी : 700 शिक्षकों के ट्रांसफर, 400 नाम विभिन्न कारणों से रोके गए

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,8अगस्त2026

प्रदेश के शिक्षकों के लंबे समय से प्रतीक्षित स्थानांतरण को लेकर शिक्षा विभाग ने आखिरकार आदेश जारी कर दिए हैं। व्यापक स्तर पर छंटनी और परीक्षण के बाद अंतिम रूप से स्वीकृत शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। करीब 700 शिक्षकों का तबादला किया गया हैं,जबकि विभिन्न कारणों से लगभग 400 नाम अंतिम सूची से बाहर कर दिए गए।जानकारी के अनुसार, स्थानांतरण के लिए तैयार की गई प्रारंभिक सूची में करीब 1,600 शिक्षकों के नाम शामिल थे। इसके बाद सूची की समीक्षा कर संख्या कम करने के निर्देश दिए गए और करीब 1,000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार की गई। अंतिम परीक्षण में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए गए करीब 400 नामों को सूची से हटा दिया गया। इसके बाद शेष शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए।

🟠इन मामलों में नहीं हुआ स्थानांतरण

शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण प्रक्रिया में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता दी। इसी के तहत युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षक, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक, ऐसे शिक्षक जिनके स्थानांतरण से विद्यालय शिक्षकविहीन हो सकता था, अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में स्थानांतरण के प्रकरण तथा अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों के मामलों का परीक्षण किया गया।इनमें से ऐसे प्रकरण, जिनमें स्थानांतरण के बाद विद्यालय में शिक्षकों की कमी होने या विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका थी, उन्हें अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया।विभाग का स्पष्ट मानना रहा कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण के कारण संबंधित विद्यालय शिक्षकविहीन न हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

🟠अनुशंसा और आवेदनों के आधार पर तैयार हुई थी सूची

सूत्रों के अनुसार, स्थानांतरण के लिए प्राप्त आवेदनों और विभिन्न स्तरों से मिली अनुशंसाओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार किए गए थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण किया गया।प्रारंभिक सूची से लेकर अंतिम सूची तक कई स्तरों पर जांच और छंटनी के बाद करीब 400 नामों को हटाया गया। अब अंतिम रूप से स्वीकृत शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी होने के साथ ही इस प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार समाप्त हो गया हैं।

🟠अगले चरण में ऑनलाइन तबादले की तैयारी पर मंथन

वर्तमान स्थानांतरण प्रक्रिया के बाद शिक्षा विभाग अब भविष्य की तबादला व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बनाने पर भी विचार कर रहा हैं। विभागीय स्तर पर शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन लेने की व्यवस्था लागू करने को लेकर मंथन जारी हैं।यदि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होती हैं,तो शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने, दस्तावेजों के डिजिटल प्रबंधन, आवेदनों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और समयबद्ध निराकरण में मदद मिलने की उम्मीद हैं।

शिक्षा विभाग द्वारा अन्य राज्यों में लागू ऑनलाइन स्थानांतरण प्रणालियों का भी अध्ययन किया जा रहा हैं। तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं के परीक्षण के बाद शासन स्तर पर इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।फिलहाल वर्तमान स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत अंतिम सूची में शामिल शिक्षकों के आदेश जारी हो चुके हैं। इसके साथ ही प्रदेश के हजारों शिक्षक परिवारों की नजरें अब नए पदस्थापना स्थल पर टिक गई हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!