अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,10अगस्त2026
जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनहत में आपसी कहासुनी के बाद,किराना दुकान में आग लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया हैं। आरोपी की पहचान अनिल साहू (23 वर्ष), निवासी बिहारपुर, जिला सूरजपुर के रूप में हुई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
🟠आपसी कहासुनी के बाद दुकान में लगाई आग
पुलिस के अनुसार, ग्राम सोनहत निवासी मायाराम साहू (45 वर्ष) ने 9 अगस्त 2026 को थाना रघुनाथनगर में, लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 8 अगस्त की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच उसके दामाद अनिल साहू के साथ आपसी कहासुनी हुई थी।आरोप हैं,कि इसके बाद अनिल साहू ने ग्राम सोनहत स्थित किराना दुकान में आग लगा दी। दुकान का संचालन मायाराम साहू की बेटी द्वारा किया जाता हैं। आग लगने से दुकान में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ।
🟠समझौते के बाद भी नुकसान की रकम नहीं देने पर हुई शिकायत
घटना के बाद पारिवारिक स्तर पर समझौते की बात हुई थी। आरोपी द्वारा नुकसान की रकम देने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में रकम नहीं देने पर प्रार्थी ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर थाना रघुनाथनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 94/2026, धारा 326(छ) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
🟠आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर अनिल साहू पिता राम प्रसाद साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी चांदनी बिहारपुर, जिला सूरजपुर को 10 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विवेचना आगे जारी रखे हुए हैं।











