अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,12अगस्त2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के लोगों की लंबे समय से चली आ रही,रेलवे रिजर्वेशन काउंटर की मांग अब जल्द पूरी होने की उम्मीद हैं। आदिम जाति एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य मुलाकात कर, बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी।मंत्री नेताम ने केंद्रीय रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए,जिला मुख्यालय में जल्द से जल्द रेलवे आरक्षण केंद्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया। मंत्री की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री ने सहमति जताते हुए,इसे जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया हैं। रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने से जिले के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद हैं।
🟠आरक्षण के लिए दूसरे शहर जाने की मजबूरी होगी खत्म
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में फिलहाल रेलवे रिजर्वेशन काउंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों सहित बड़ी संख्या में यात्रियों को रेलवे टिकट आरक्षित कराने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता हैं।इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ता हैं। कई बार जरूरी यात्रा के लिए टिकट आरक्षण कराने में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता हैं। जिला मुख्यालय में ही रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी।
🟠लंबे समय से उठ रही थी मांग
मंत्री रामविचार नेताम ने अपने पत्र में बताया,कि क्षेत्र के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से बलरामपुर में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने की मांग की जा रही हैं। जिले की बढ़ती आबादी, यात्रियों की बढ़ती संख्या और क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास को देखते हुए रेलवे आरक्षण सुविधा की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई हैं।उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से जनहित और क्षेत्रवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खोलने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया।
🟠हजारों यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने के बाद जिले के लोगों को टिकट बुकिंग और आरक्षण के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे यात्रियों के समय और धन की बचत होगी तथा रेलवे सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी।मंत्री नेताम की पहल और केंद्रीय रेल मंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर जल्द शुरू होने को लेकर उम्मीद जगी हैं।












