अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,14अगस्त2026
नशीले इंजेक्शन की तस्करी के मामले में बलरामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए,झारखंड के गढ़वा से एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया हैं। आरोपी पर गढ़वा से नशीले इंजेक्शन की डिलीवरी कर उन्हें छत्तीसगढ़ में खपाने के नेटवर्क में शामिल होने का आरोप हैं। इस कार्रवाई के साथ मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी हैं।
🟠985 नशीले इंजेक्शन के साथ हुई थी पहली गिरफ्तारी
मामला 17 मई 2026 का हैं। पुलिस को रात करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी,कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से गढ़वा की ओर से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर अंबिकापुर की तरफ जा रहे हैं, और कुछ देर में बलरामपुर पहुंचने वाले हैं।सूचना पर पुलिस ने ग्राम बड़कीमहरी,थाना बलरामपुर के पास घेराबंदी कर एक आरोपी राहुल गुप्ता पिता अवध बिहारी गुप्ता,निवासी ग्राम नर्मदापुर,थाना कमलेश्वरपुर, जिला सरगुजा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 481 नग बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और 504 नग फेनिरामाइन मैलेट इंजेक्शन, कुल 985 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।पुलिस ने जब्ती के बाद आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 81/2026, धारा 21(b) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
🟠तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए,वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान राहुल गुप्ता पिता सुरेश गुप्ता, उम्र 34 वर्ष, निवासी गेरसा, थाना लुण्ड्रा को 24 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया।इसके बाद किशुन राम उर्फ बबलू ठाकुर पिता स्वर्गीय केवल राम, निवासी गड़बीरा, थाना लुण्ड्रा को 28 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
🟠गढ़वा पहुंची पुलिस टीम, चौथे आरोपी को पकड़ा
आगे की विवेचना में पुलिस को मामले में राजू कुमार गोंड पिता स्वर्गीय फेकन गोंड, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 03, मदरसा रोड, गढ़वा, जिला गढ़वा, झारखंड की संलिप्तता की जानकारी मिली।इसके बाद बलरामपुर पुलिस की टीम झारखंड के गढ़वा पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को दोपहर 1:50 बजे आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
🟠तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी
बलरामपुर पुलिस के अनुसार, मामले में तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही हैं। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा हैं। विवेचना के दौरान सामने आने वाले अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी हैं।











