न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,14अगस्त2026
साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक और सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। सात सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्क करना हैं।
🟠‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ होगी अभियान की खास थीम
अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई हैं। इसके तहत प्रदेशवासी छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर,जारी लिंक के माध्यम से या QR कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी ले सकेंगे। इसके बाद लोग अपनी सेल्फी को सोशल मीडिया पर शेयर करेंगे।पुलिस का मानना हैं,कि सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई इन सेल्फी के जरिए,साइबर अपराध से बचाव का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचेगा और जनभागीदारी के माध्यम से साइबर जागरूकता को व्यापक स्तर पर बढ़ाया जा सकेगा।
🟠जशपुर में डीआईजी एवं एसएसपी ने किया अभियान का शुभारंभ
जशपुर जिले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान अभियान की लिंक और QR कोड जारी कर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं QR कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया।इस दौरान उन्होंने जिले के नागरिकों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों के पदाधिकारियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स, कलाकारों और गणमान्य नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी को मिलकर जागरूकता फैलाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से साइबर जागरूकता की सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा करने और साइबर अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
🟠सात सप्ताह में अलग-अलग स्तर पर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
🔸️अभियान के तहत 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
🔸️पहला सप्ताह: स्कूल और कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान।
🔸️दूसरा सप्ताह: बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर जागरूकता।
🔸️तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के विषय पर टाउन हॉल कार्यक्रम।
🔸️चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर जागरूकता।
🔸️पांचवां सप्ताह: रोजगार कार्यालयों, आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी।
🔸️छठवां सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जागरूकता अभियान।
🔸️सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ संकल्प अभियान।
🟠सार्वजनिक स्थानों और सोशल मीडिया के जरिए भी होगा प्रचार
जिला पुलिस टीमों और स्थानीय थानों द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से QR कोड का प्रचार किया जाएगा। इसके अलावा राज्य पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स तथा व्हाट्सऐप ग्रुप्स के माध्यम से भी अभियान की लिंक साझा कर लोगों को इसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
🟠2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
सात सप्ताह तक चलने वाले ‘साइबर जागृति अभियान’ का समापन 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पुलिस का लक्ष्य प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति सजग करने के साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना हैं।












