संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,15अगस्त2026
राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में,देशभक्ति, शौर्य और अनुशासन का शानदार नजारा देखने को मिला। समारोह में घुड़सवार दल के रोमांचक हॉर्स शो, प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड की लयबद्ध प्रस्तुति और छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रशिक्षित डॉग स्क्वाड के प्रदर्शन ने लोगों का खासा ध्यान आकर्षित किया।
🟠घुड़सवार दल ने दिखाया अदम्य साहस
समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी शो, शो जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं। आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री के साथ फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया।टेंट पैगिंग में रूद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपने कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। घुड़सवार दल की प्रस्तुतियों पर पुलिस परेड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
🟠महिला बैगपाइपर बैंड ने मोहा मन
आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले, महिला बैगपाइपर बैंड ने भी समारोह में आकर्षक प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यों वाले इस बैंड ने क्विक मार्च और स्लो मार्च के दौरान विभिन्न देशभक्ति एवं सैन्य धुनें प्रस्तुत कीं।बैंड ने इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना, पुलकित हिमालय, नवरंगी और तर्शपे रील जैसी धुनों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों की सुरमयी प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।महिला बैगपाइपर बैंड ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला में छह महीने का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। बैंड ने 2024 में दीमापुर में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया था। इसके बाद हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल भी जीता। इस प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर को बेस्ट कंडक्टर और ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब मिला था।
🟠डॉग स्क्वाड ने दिखाया कौशल और अनुशासन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के, प्रशिक्षित डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता और सूंघने की क्षमता का रोमांचक प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में प्रशिक्षित श्वानों ने विभिन्न गतिविधियों के जरिए अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके अलावा प्रशिक्षित श्वानों ने कमल के आकार में व्यवस्थित होकर दर्शकों को प्रभावित किया। सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों का श्वानों ने बेहद अनुशासित तरीके से पालन किया।
🟠आग के बीच छलांग लगाकर श्वानों ने किया रोमांचित
प्रदर्शन के दौरान दुलार,मेरी और शिवा नाम के श्वानों ने जलती हुई आग से बने गोल रिंग के बीच से छलांग लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके साथ ही प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में छिपे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्री की पहचान करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।विभिन्न गंधों के बीच निर्धारित गंध की पहचान कर संबंधित व्यक्ति को पहचानने का प्रदर्शन भी किया गया। डॉग स्क्वाड की इन प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों को पुलिस के प्रशिक्षित श्वानों की उपयोगिता और दक्षता से परिचित कराया। 












