एकलव्य विद्यालयों में सुविधाओं की एकरूपता पर जोर,गणवेश और मेस व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,20अगस्त2026

आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में,नवा रायपुर स्थित टीआरटीआई सभाकक्ष में आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति के संचालक मंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के संचालन,विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और उन्हें मिल रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।मंत्री नेताम ने एकलव्य विद्यालयों में गणवेश, मेस संचालन, भोजन व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता हैं।

🟠पूर्व अतिथि शिक्षकों को फिर मिलेगा अवसर

बैठक में नेस्ट्स और राज्य सरकार के भर्ती नियमों के अनुरूप निर्धारित योग्यता रखने वाले एकलव्य विद्यालयों के पूर्व अतिथि शिक्षकों को पुनः अवसर देने के विषय पर भी सहमति बनी। इससे योग्य पूर्व अतिथि शिक्षकों को विद्यालयों में दोबारा सेवाएं देने का अवसर मिल सकेगा।

🟠छत्तीसगढ़ में संचालित हैं 75 एकलव्य विद्यालय

बैठक में जानकारी दी गई,कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों के लिए भी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

🟠राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन

एकलव्य विद्यालयों की चतुर्थ राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों की उपलब्धियों की भी जानकारी बैठक में दी गई। नवंबर 2025 में ओडिशा के सुंदरगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 466 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था।प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। प्रदेश के खिलाड़ियों ने 55 स्वर्ण पदक सहित कुल 126 पदक अपने नाम किए। मंत्री नेताम ने इस उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और संबंधित अधिकारियों की सराहना की।

🟠‘गुमनाम जननायक’ पुस्तक का विमोचन

बैठक के दौरान मंत्री रामविचार नेताम ने टीआरटीआई द्वारा प्रकाशित ‘गुमनाम जननायक’ पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने शहीद वीरनारायण सिंह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सह स्मारक में, दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत सुश्री अंबिका ध्रुव के नगर सैनिक के पद पर चयनित होने पर उनका सम्मान किया।बैठक में विभाग के सचिव भुवनेश यादव, आयुक्त डी. राहुल वेंकट, टीआरटीआई की संचालक हिना अनिमेष नेताम, संचालक मंडल के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें