जांजगीर-चांपा और सक्ती में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर डिप्टी सीएम अरुण साव नाराज,अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,20अगस्त2026

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने,जांजगीर जिला मुख्यालय में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की, संयुक्त बैठक लेकर चार विभागों के विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की विस्तार से जानकारी ली और योजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

🟠धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

उप मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा,कि जिन कार्यों की स्वीकृति और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें बिना देरी शुरू किया जाए। कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए,प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अरुण साव ने कहा,कि नालंदा परिसर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण परियोजना हैं,इसलिए इनके निर्माण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।🟠बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके,कार्यों को जल्द शुरू कराने और प्रगतिरत कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की बात कहते हुए कहा,कि बेहतर सड़क व्यवस्था से लोगों को सुगम आवागमन मिलेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।

🟠जल जीवन मिशन और पेयजल व्यवस्था पर जोर

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में  साव ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण और हैंडओवर हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन एवं नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।उन्होंने पंचायत और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।🟠पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना की भी समीक्षा

उप मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि, पीएम आवास योजना, 15वें वित्त आयोग और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा।इसके अलावा जल आवर्धन योजना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण एवं संग्रहण, एनर्जी बिल ऑडिट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

🟠खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान साव ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ाने तथा आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा।

🟠अधिकारियों को संवेदनशीलता से काम करने की हिदायत

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालयों में आते हैं। इसलिए उनके साथ विनम्रता,संवेदनशीलता और सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित हो।बैठक में जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे, सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ  विनय कुमार पोयाम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें