न्यूज डेस्क,सरगुजा,छत्तीसगढ़,21अगस्त2026
सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में हुए,दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए,आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी पत्नी और एक अन्य युवक की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी थी। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और घटना के समय पहने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
🟠घर में मिले थे दो शव
मामला ग्राम बिसरपानी के दारापारा का हैं। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की शाम करीब 6 से 7 बजे मृतक बेंजे बड़ा और मृतिका नईहारो मझवार अपने पति बाबुलाल मझवार के साथ सोमारू मझवार के घर पहुंचे थे। तीनों शराब के नशे में थे और आग ताप रहे थे। कुछ देर बाद किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद और मारपीट शुरू हो गई।विवाद बढ़ता देख सोमारू मझवार दूसरे घर में चला गया। अगले दिन सुबह जब वह वापस आया तो घर के अंदर बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार मृत हालत में मिले। दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। वहीं, मृतिका का पति बाबुलाल मझवार मौके से फरार था।
🟠पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की
घटना की जानकारी मिलते ही कमलेश्वरपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस को बाबुलाल मझवार पर संदेह हुआ।मामले की गंभीरता को देखते हुए,डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
🟠चरित्र शंका में की हत्या
पुलिस ने आरोपी बाबुलाल मझवार,उम्र 35 वर्ष, निवासी बिसरपानी तिलकपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर चरित्र शंका को लेकर हुए,विवाद के दौरान अपनी पत्नी नईहारो मझवार और बेंजे बड़ा पर फावड़े से हमला करने की बात स्वीकार की।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।
🟠आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति, एएसआई बैजनाथ राम, एएसआई बबलू कुजूर, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












