न्यूज डेस्क,सरगुजा,छत्तीसगढ़,21अगस्त2026
सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया हैं। पुलिस के मुताबिक पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने अपने माता-पिता पर टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को प्लास्टिक बोरे में भरकर रस्सी से बांध दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल टांगी और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
🟠कमरे में बोरे में मिले माता-पिता के शव
मामला धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा का हैं। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की सुबह मोहन यादव ने सूचना दी,कि उसके माता-पिता हीराधर यादव और गुलाबी यादव के शव पुराने घर के एक कमरे में पड़े हैं।मोहन यादव अपने परिवार के साथ पुराने घर से करीब 800 मीटर दूर अलग मकान में रहता था। 16 अगस्त की रात उसके पिता नए घर आए थे और बाद में पुराने घर लौट गए। अगले दिन मोहन जब दूध लेने पुराने घर पहुंचा तो घर में ताला और कमरे में भी ताला लगा मिला।दरवाजा खोलने के बाद कमरे का ताला तोड़ा गया तो अंदर प्लास्टिक बोरे में रस्सी से बंधे हीराधर यादव और गुलाबी यादव के शव मिले। मौके पर खून के निशान भी पाए गए। वहीं परिवार का बड़ा बेटा जदू यादव मौके से गायब था।
🟠जांच में बेटे पर गहराया संदेह
घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस, एसडीओपी सीतापुर और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए।जांच के दौरान पुलिस को जदू यादव के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
🟠पारिवारिक विवाद में हत्या की बात कबूली
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी जदू यादव (36), निवासी सपड़ा परसापारा,ने पारिवारिक विवाद के दौरान टांगी से अपने माता-पिता पर हमला कर उनकी हत्या करने की बात स्वीकार की।आरोपी ने कथित तौर पर दोनों शवों को प्लास्टिक बोरे में रखकर रस्सी से बांधने की बात भी बताई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल टांगी और उसके द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।
🟠आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया हैं।इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में धौरपुर पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












