अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,21अगस्त2026
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने,संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के साथ विकास कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मंत्री ने कहा,कि योजनाओं का वास्तविक प्रभाव मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करें। उन्होंने शासन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
🟠किसानों के एग्रीस्टेक पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में मंत्री ने न्यायालय में लंबित प्रकरणों, खाता विभाजन, सीमांकन और एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों का एग्रीस्टेक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।खाद-बीज के भंडारण एवं वितरण की समीक्षा करते हुए,उन्होंने किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा।
🟠हर घर में मुनगा लगाने पर जोर
मंत्री राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्रों में सुपोषण वृक्ष मुनगा के रोपण की जानकारी लेते हुए,हर घर मुनगा लगाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुनगा पोषण का अच्छा स्रोत हैं,और इसे पोषण अभियान से जोड़ा जाना चाहिए।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए, ताकि महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ परिवारों के पोषण स्तर में सुधार हो सके।
🟠स्कूल भवनों की गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा पर फोकस
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने, निर्माणाधीन स्कूल भवनों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जर्जर या मरम्मत योग्य भवनों की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा,कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।उन्होंने न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और आश्रम-छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया। स्कूलों में सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
🟠महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए,ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, खराब हैंडपंपों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा जलस्रोतों के संरक्षण और जलसंचय कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।
🟠स्वास्थ्य और पशुपालन योजनाओं पर भी चर्चा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर रखने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण और गौधाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। मंत्री ने अधिक से अधिक पशुपालकों को इन योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
🟠सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का रखें ध्यान
राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और पीएम जनमन सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का चिन्हांकन और सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा।
🟠हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
बैठक में वन विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित गांवों में नियमित मुनादी कराने और ग्रामीणों को समय पर सतर्क करने को कहा।मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि रोकने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












