लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण पर एसपी वैभव बैंकर ने दिए निर्देश,साइबर अपराध और नशे के खिलाफ सख्ती पर जोर

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,22अगस्त2026

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने,शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक लेकर जिले की कानून-व्यवस्था और विभिन्न अपराधों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में लंबित गंभीर अपराध, गुमशुदगी, एनडीपीएस, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, यातायात व्यवस्था और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

🟠एक साल से लंबित गंभीर मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश

एसपी ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराधों की समीक्षा करते हुए,थाना प्रभारियों को मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिले और लंबित शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जाए। इसके साथ ही लंबित चीटफंड, धोखाधड़ी के मामलों और पीड़ित मुआवजा प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।🟠गुमशुदा लोगों और बच्चों की तलाश पर फोकस

गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों की समीक्षा करते हुए, एसपी ने उनकी तलाश के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता बच्चों की तलाश, बरामदगी और उनके पुनर्वास को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

🟠नशे के खिलाफ कार्रवाई और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर जोर

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने को कहा। जब्त वाहनों के राजसात के साथ ही नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच करने के निर्देश दिए गए।🟠साइबर जागृति अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश

15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे,साइबर जागृति अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। बैठक में म्यूल अकाउंट, पॉइंट ऑफ सेल इन्वेस्टिगेशन, सोशल इंजीनियरिंग, फेक APK और OTP फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के नए तरीकों पर चर्चा की गई।एसपी ने पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों की जांच के लिए प्रशिक्षित करने और आम लोगों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

🟠महिला और बाल अपराधों की जांच में तेजी

महिलाओं से संबंधित अपराधों को प्राथमिकता के साथ लेने के निर्देश दिए गए। एसपी ने POCSO एक्ट से जुड़े मामलों की जांच में तेजी लाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया।🟠यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, नाबालिगों के वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

🟠कानून-व्यवस्था और बेसिक पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर

एसपी ने जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए,संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती और गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित शिकायतों के जल्द निराकरण और बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर भी जोर दिया।बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।बैठक में जिले के विभिन्न अनुविभागों के एसडीओपी, डीएसपी, थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें