कलेक्टर ने खुशी वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाया रक्षाबंधन, बांधी राखी और लिया आशीर्वाद

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,29अगस्त2026

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की,कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने ग्राम विकास समिति द्वारा संचालित खुशी वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ आत्मीयता और अपनत्व से रक्षाबंधन का पर्व मनाया। कलेक्टर ने वृद्धजनों को अपने हाथों से राखी बांधी और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने बुजुर्गों को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वृद्ध महिलाओं को साड़ियां भी भेंट की गईं।कलेक्टर के इस आत्मीय व्यवहार से वृद्धाश्रम में खुशी और भावुकता का माहौल देखने को मिला। बुजुर्गों के चेहरों पर अपनत्व और प्रसन्नता साफ नजर आई।🟠राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना

वृद्धाश्रम परिसर में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर का भी कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राधा-कृष्ण के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही मंदिर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

🟠बुजुर्गों से जाना हालचाल, व्यवस्थाओं की ली जानकारी

कलेक्टर ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद करते हुए, उनके स्वास्थ्य, भोजन, रहन-सहन और दैनिक आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने वृद्धाश्रम के विभिन्न कमरों और परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने संस्था द्वारा बुजुर्गों की देखभाल और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की। साथ ही वृद्धजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव मदद और सहयोग का आश्वासन दिया।इस अवसर पर ग्राम विकास समिति द्वारा संचालित खुशी वृद्धाश्रम के संस्था संचालक प्रभाकर द्विवेदी सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। संस्था की ओर से कलेक्टर का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।रक्षाबंधन के अवसर पर कलेक्टर का वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताना प्रशासन की संवेदनशीलता, मानवीय सरोकार और बुजुर्गों के प्रति सम्मान का संदेश देता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें