संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,29अगस्त2026
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को राजधानी रायपुर में,राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह में 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान करेंगे। इसके साथ ही 5 टीमों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में शाम 4 बजे से समारोह आयोजित किया जाएगा।
🟠तीन वर्षों के लिए 125 खिलाड़ियों को पुरस्कार
समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।
🟠उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे अध्यक्षता
राज्य खेल अलंकरण समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।समारोह में राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के विधायकगण, महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों के योगदान को सम्मान देने के साथ ही राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा हैं।












