ग्रामीणों के बाद गांव पहुंचे कलेक्टर-सीईओ, मेटागुड़ा में जमीन पर बैठकर सुनी समस्याएं

न्यूज डेस्क,सुकमा,छत्तीसगढ़,6सितंबर2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा समस्याओं का समाधान गांव में ही सुनिश्चित करने की दिशा में,सुकमा जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल की हैं। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए कलेक्टर अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर सहित प्रशासनिक अमला किस्ताराम से करीब 20 किलोमीटर दूर पालाचलमा पंचायत के मेटागुड़ा गांव पहुंचा।खास बात यह रही,कि दो दिन पहले मेटागुड़ा के ग्रामीण स्कूल, आंगनबाड़ी भवन सहित अन्य मांगों को लेकर ट्रैक्टर से जिला मुख्यालय सुकमा पहुंचे थे। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेने के बाद कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ बाइक से गांव पहुंचे और मौके पर ही ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।🟠पेड़ की छांव में लगी चौपाल, जमीन पर बैठकर सुनी बात

गांव पहुंचने पर कलेक्टर अमित कुमार ने पेड़ की छांव में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। वे जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की बातें सुनते रहे और एक-एक कर उनकी मांगों की जानकारी ली।ग्रामीणों की जरूरत को देखते हुए मेटागुड़ा में आंगनबाड़ी भवन तथा आमापेंटा में प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए तत्काल स्वीकृति आदेश जारी किए गए। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा बताई गई अन्य समस्याओं पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

🟠सिंचाई और रोजगार के अवसरों को मिलेगी गति

ग्रामीणों की सिंचाई संबंधी मांगों को भी प्राथमिकता दी गई। गांव में नहर विकास कार्य के साथ वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत तालाब निर्माण को स्वीकृति दी गई हैं। इन कार्यों से सिंचाई सुविधा मजबूत होने के साथ ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

🟠दो माह में बिजली पहुंचाने का आश्वासन

मेटागुड़ा में विद्युत सुविधा पहुंचाने के संबंध में, अधिकारियों ने लगभग दो माह में बिजली उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं सड़क निर्माण की मांग को लेकर डीपीआर तैयार कर राज्य सरकार को भेजा जा चुका हैं। इससे गांव को बेहतर सड़क संपर्क मिलने की उम्मीद बढ़ी हैं।

🟠सोमवार को गांव में लगेगा विशेष शिविर

ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं और जरूरी दस्तावेजों से जोड़ने के लिए सोमवार को मेटागुड़ा में, विशेष शिविर लगाया जाएगा। इसमें वोटर आईडी, आधार कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड और आयुष्मान कार्ड से संबंधित कार्य किए जाएंगे।प्रशासनिक अमले के सीधे गांव पहुंचकर ग्रामीणों के बीच बैठने और समस्याओं पर मौके पर कार्रवाई करने से ग्रामीणों ने संतोष जताया। उन्होंने गांव तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान की दिशा में त्वरित पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें