न्यूज डेस्क,सरगुजा,छत्तीसगढ़,7सितंबर2026
डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच नागरिकों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति,जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा हैं। इसी अभियान के तहत सरगुजा पुलिस ने इस सप्ताह महिलाओं और छात्राओं के लिए,विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी।डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में महिला कॉलेजों की छात्राओं, महिला सामुदायिक समूहों और विभिन्न महिला संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने हिस्सा लिया।
🟠स्मार्टफोन और सोशल मीडिया की सुरक्षा पर जोर
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं को स्मार्टफोन की प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत करने, ऐप्स को अनावश्यक परमिशन नहीं देने और सुरक्षित ब्राउज़िंग के तरीके बताए गए। पुलिस टीम ने कैमरा, गैलरी और लोकेशन जैसी संवेदनशील अनुमतियों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी।फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) सक्रिय करने और प्रोफाइल लॉक जैसी सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।
🟠फर्जी लिंक और ऑनलाइन ठगी से रहें सावधान
पुलिस ने लॉटरी, इनाम, मुफ्त रिचार्ज और फर्जी नौकरी के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की अपील की। साथ ही फिशिंग और फर्जी वेबसाइटों की पहचान करने के व्यावहारिक तरीके भी समझाए गए।महिलाओं को निजी तस्वीरें, लाइव लोकेशन, आधार नंबर और बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी ऑनलाइन साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर स्टॉकिंग, बुलिंग और अवांछित संदेशों से बचने के लिए ब्लॉक और रिपोर्ट फीचर के सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।
🟠साइबर अपराध होने पर तुरंत करें शिकायत
कार्यक्रम को संवादात्मक रखा गया, जिसमें छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल और अपने अनुभव पुलिस टीम के साथ साझा किए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरल भाषा में उनकी शंकाओं का समाधान किया।पुलिस ने बताया,कि साइबर अपराध या ऑनलाइन उत्पीड़न का शिकार होने पर बिना डर के शिकायत करें। इसके लिए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in और हेल्पलाइन नंबर 1930 का उपयोग किया जा सकता है। पुलिस ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी।












