न्यूज डेस्क,सारंगढ़,छत्तीसगढ़,11सितंबर2026
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शुक्रवार सुबह नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में,निर्माणाधीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन तथा नवीन तहसील एवं एसडीएम कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और प्रस्तावित कार्यालयीन व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए,संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर ने स्पष्ट कहा,कि जिले के महत्वपूर्ण प्रशासनिक भवनों के निर्माण में गुणवत्ता से, किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने शेष कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
🟠कार्यपालन अभियंता को नियमित निरीक्षण और साप्ताहिक रिपोर्ट के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसी को उच्च गुणवत्ता के साथ कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने और प्रत्येक सप्ताह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए।उन्होंने कहा,कि नियमित मॉनिटरिंग से तकनीकी कमियों और निर्माण में होने वाले विलंब को समय रहते चिन्हित कर उसका निराकरण किया जा सकेगा। गुणवत्ता परीक्षण और तकनीकी मानकों के पालन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
🟠18 करोड़ की लागत से बन रहे संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का जायजा
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और चल रहे,निर्माण कार्यों का अवलोकन कर अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान भवन के कुछ कमरों में सीपेज की समस्या सामने आई। कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को उचित तकनीकी समाधान के माध्यम से समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा,कि संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन नवगठित जिले की प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमुख केंद्र होगा। ऐसे में भवन के प्रत्येक हिस्से का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों और उच्च गुणवत्ता के अनुरूप होना जरूरी हैं।
🟠शेष निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ,गुणवत्ता परीक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए, निर्धारित समय-सीमा में भवन को पूर्ण करने की दिशा में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
🟠3 करोड़ के नवीन तहसील-एसडीएम कार्यालय भवन का भी निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर ने सारंगढ़ में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से,निर्माणाधीन नवीन तहसील एवं एसडीएम कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के प्रत्येक कक्ष में पहुंचकर निर्माण कार्यों और प्रस्तावित कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए,कि भवन का निर्माण केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि भविष्य की प्रशासनिक आवश्यकताओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जाए।
🟠कोर्ट रूम को अधिक सुविधाजनक बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने न्यायालयीन कार्यों के संचालन को ध्यान में रखते हुए,प्रस्तावित कोर्ट रूम के आकार और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पर्याप्त स्थान की आवश्यकता को देखते हुए,उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कोर्ट रूम को और अधिक विस्तृत तथा न्यायालयीन कार्यों के अनुरूप सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा,कि कार्यालय भवन शुरू होने के बाद नागरिकों और अधिकारी-कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भवन की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाया जाना आवश्यक हैं।
🟠निर्माण एजेंसी और अधिकारियों की नियमित समीक्षा पर जोर
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, कार्यपालन अभियंता और संबंधित ठेकेदारों को, नियमित निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और साप्ताहिक प्रगति की प्रभावी समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने निर्माण कार्यों में आने वाली किसी भी तकनीकी समस्या का समय पर समाधान करने तथा कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने पर जोर दिया।
🟠सेवा संकल्प अभियान के तहत खाड़ाबांध तालाब में चलेगा स्वच्छता अभियान
निर्माणाधीन भवनों के निरीक्षण के बाद कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सेवा संकल्प अभियान की, तैयारियों के मद्देनजर सारंगढ़ स्थित खाड़ाबांध तालाब का भी निरीक्षण किया।उन्होंने तालाब परिसर और आसपास के क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए,यहां व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।कलेक्टर ने कहा,कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएं। सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
🟠ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सारंगढ़ उमेश साहू, डिप्टी कलेक्टर राणा विजय, नायब तहसीलदार प्रकाश पटेल, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












