अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,12सितंबर2026
विकासखंड राजपुर में विद्यार्थियों और युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से,सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा हैं। प्रतियोगिताएं 16 से 19 सितंबर तक अलग-अलग निर्धारित खेल मैदानों में आयोजित होंगी। इसकी जानकारी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के माध्यम से दी गई हैं।
🟠चार दिनों तक अलग-अलग खेलों में होगा मुकाबला
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 सितंबर को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ग्राउंड में,एथलेटिक्स और कॉलेज ग्राउंड में बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी।17 सितंबर को हायर सेकेंडरी स्कूल बालक ग्राउंड में कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल तथा स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राउंड में बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।वहीं 18 और 19 सितंबर को हायर सेकेंडरी स्कूल बालक ग्राउंड में वर्गवार एवं सामूहिक फुटबॉल प्रतियोगिताएं होंगी। 19 सितंबर को इसी मैदान में महिला वर्ग की रस्साकशी और कराते प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
🟠ऑनलाइन पंजीकृत खिलाड़ी ही ले सकेंगे हिस्सा
प्रतियोगिताओं में केवल ऑनलाइन पंजीकृत प्रतिभागियों को ही शामिल होने की अनुमति होगी। प्रतिभागियों के लिए विद्यालय द्वारा जारी परिचय पत्र और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य किया गया हैं। खिलाड़ियों को निर्धारित समय से कम से कम 20 मिनट पहले आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा।प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन का पालन करना अनिवार्य रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिभागियों की सहभागिता निरस्त की जा सकती हैं।
🟠खेल प्रतिभाओं को जिला और राज्य स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य
सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों एवं युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, छिपी प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें जिला एवं राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना हैं।आयोजन को सफल बनाने के लिए विकासखंड के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संघों, व्यायाम शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई हैं।












