न्यूज डेस्क,सरगुजा,छत्तीसगढ़,12सितंबर2026
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में जिले में व्यापक स्तर पर साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी कड़ी में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय और विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 900 छात्र-छात्राओं और 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।अभियान के तहत इस सप्ताह विशेष रूप से, बालिकाओं की सुरक्षा और सहभागिता पर जोर दिया जा रहा हैं। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और साइबर एक्सपर्ट ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए,उनसे बचने के व्यावहारिक उपाय बताए।
🟠सोशल मीडिया पर रहें सतर्क
विद्यार्थियों को फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचने, निजी तस्वीरें साझा नहीं करने और अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत रखने की सलाह दी गई।फिशिंग और फेक लिंक के संबंध में बताया गया,कि लॉटरी, मुफ्त रिचार्ज, नौकरी या अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।
🟠OTP और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें
साइबर एक्सपर्ट ने विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से समझाया, कि बैंक अकाउंट नंबर, ATM PIN, UPI PIN और मोबाइल पर प्राप्त OTP किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए। किसी भी तरह की बैंकिंग जानकारी मांगने वाले संदिग्ध कॉल या मैसेज से सावधान रहने की अपील की गई।
🟠ब्लैकमेलिंग और साइबर बुलिंग पर भी जागरूकता
कार्यक्रम में साइबर ब्लैकमेलिंग और बुलिंग को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा,कि सोशल मीडिया पर किसी के द्वारा परेशान या ब्लैकमेल किए जाने की स्थिति में डरने के बजाय तुरंत माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को जानकारी दें।साइबर अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) अमोलक सिंह ढिल्लों, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं अधिकारी-कर्मचारी, उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, स्वामी तन्मयानंद जी, प्राचार्य नीरज सिंह, ‘नवा बिहान’ संस्था के मंगल पांडे, अजय तिवारी और संतोष दास सहित पुलिसकर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।












