बैगलेस डे पर बच्चों ने सीखी स्वच्छता, रचनात्मकता और जीवन कौशल की सीख

न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,12सितंबर2026

शनिवार को सूरजपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में, बैगलेस डे के अवसर पर बच्चों को बस्ते के बोझ से मुक्त रखते हुए,स्वच्छता, खेल, रचनात्मकता और व्यावहारिक जीवन कौशल से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी और मौलिक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया।कलेक्टर रेना जमील और जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, पालकों और स्थानीय समुदाय की भी सक्रिय सहभागिता रही। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ स्वच्छता अभियान, खेलकूद और कलात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया।🟠स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बैगलेस डे के तहत विद्यालय परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने गाजर घास का उन्मूलन, परिसर एवं शौचालयों की सफाई, पाउच-पन्नी का सुरक्षित निस्तारण और पेयजल स्रोतों की स्वच्छता जैसे कार्य किए।इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया।

🟠‘पेड़ बोल सकते तो क्या कहते’ पर बच्चों ने दिखाई कल्पनाशीलता

बच्चों की रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए कई रोचक गतिविधियां कराई गईं। ‘पेड़ बोल सकते तो क्या कहते’ विषय पर विद्यार्थियों ने कल्पनात्मक निबंध लिखे। वहीं पेपर क्राफ्ट के माध्यम से बच्चों ने कागज मोड़ने और काटने की तकनीक से नाव, हवाई जहाज, तितली और मेंढक जैसी आकर्षक आकृतियां तैयार कीं।इसके अलावा बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट गतिविधि में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी सामग्री से उपयोगी एवं कलात्मक वस्तुएं बनाईं। कागज से ग्रीटिंग कार्ड सहित विभिन्न रचनात्मक वस्तुएं तैयार कर बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया।

🟠न्योता भोजन में भी बच्चों ने लिया हिस्सा

बैगलेस डे पर विद्यालयों में समुदाय आधारित न्योता भोजन का भी आयोजन किया गया। माध्यमिक शाला कन्या रामानुजनगर में स्थानीय व्यवसायी श्रवण कुमार गुप्ता ने अपने जन्मदिन के अवसर पर संकुल समन्वयक जयप्रकाश बरेठा के साथ मिलकर बच्चों को न्योता भोजन कराया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।वहीं भैयाथान विकासखंड के प्राथमिक शाला शिवप्रसाद नगर में समुदाय के सहयोग से बच्चों को कॉपियां वितरित की गईं और विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

🟠अधिकारियों ने किया गतिविधियों का निरीक्षण

बैगलेस डे के तहत आयोजित गतिविधियों की मॉनिटरिंग एडी शिक्षा, एडीपीओ समग्र, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, बीआरसीसी, संकुल प्राचार्यों और संकुल समन्वयकों द्वारा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर गतिविधियों का अवलोकन किया और बच्चों तथा शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।बैगलेस डे की इन गतिविधियों ने बच्चों को किताबों की पारंपरिक पढ़ाई से अलग करके सीखने, मिलकर काम करने और दैनिक जीवन से जुड़ी उपयोगी सीख हासिल करने का अवसर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें