गणेश विसर्जन से नशे के खिलाफ कार्रवाई तक, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने दिए सख्त निर्देश

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,15सितंबर2026

गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने से लेकर नशे के अवैध कारोबार और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने तक बलरामपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून व्यवस्था, जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त और स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव, अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।🟠गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट

गणेश उत्सव और विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी पंडाल स्थलों पर सघन निगरानी और लगातार गश्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन यथासंभव सूर्यास्त से पहले कराया जाए। विसर्जन स्थलों पर राजस्व एवं पुलिस अमले की निगरानी के साथ गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य रखने को कहा गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।उन्होंने स्वयंसेवकों और पंडाल समितियों के पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर संधारित रखने तथा विसर्जन के बाद जल स्रोतों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश नगरीय निकायों को दिए।

🟠नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’

एनकॉर्ड समिति की बैठक में जिले में अवैध शराब, गांजा और प्रतिबंधित मादक पदार्थों के कारोबार, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।कलेक्टर ने कहा,कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता हैं। उन्होंने पुलिस एवं आबकारी विभाग को सीमावर्ती क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार जांच एवं संयुक्त छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मेडिकल स्टोरों पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बिना चिकित्सकीय पर्चे के नशीली या प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने और आवश्यकता पड़ने पर मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास तंबाकू एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने तथा युवाओं को जागरूक करने के लिए सेमिनार, रैली और कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी जोर दिया।

🟠सड़क हादसों की रोकथाम के लिए नियमित वाहन जांच

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में वाहन जांच, चालकों के प्रशिक्षण, सड़क संकेतकों और सुरक्षा मानकों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा,कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित वाहन जांच, प्रशिक्षित चालक और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन जरूरी हैं।उन्होंने वाहन चालकों और आम नागरिकों के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाने तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने स्पष्ट किया,कि मजबूत कानून व्यवस्था के लिए राजस्व और पुलिस अमले के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें