न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,16सितंबर2026
जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम कस्तूरा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ मेला के दौरान,महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त की हैं।
🟠भीड़ का फायदा उठाकर गले से चुराई थी चेन
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को प्रार्थिया सरमा देवी निवासी सन्ना रोड, जशपुर अपने परिवार के साथ कस्तूरा रथ मेला देखने गई थीं। मेले में अत्यधिक भीड़ के दौरान उन्हें पता चला कि उनके गले में पहनी करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन गायब हैं।प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना दुलदुला में अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला जांच में लिया गया था।
🟠ड्रोन कैमरे की फुटेज बनी पुलिस के लिए अहम कड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए,वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय मेला स्थल पर ड्रोन कैमरे से वीडियो और फोटो रिकॉर्ड किए जा रहे थे।पुलिस ने ड्रोन कैमरा संचालक से संपर्क कर घटना के दिन की फुटेज हासिल की। फुटेज का बारीकी से अवलोकन करने पर प्रार्थिया के आसपास संदिग्ध रूप से खड़ी महिलाओं को चिन्हित किया गया। इसके बाद संदिग्ध महिलाओं के फोटो विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कर उनकी पहचान और पतासाजी शुरू की गई।
🟠सोनिया और अनिता गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान सोनिया बाई (30 वर्ष) और अनिता बाई (35 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर की निवासी हैं।पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा हैं,कि पूछताछ में दोनों ने एक अन्य महिला साथी के साथ मिलकर भीड़ का फायदा उठाते हुए महिला के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया।आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद कर विधिवत जब्त की गई। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया हैं।
🟠एक अन्य आरोपी महिला की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल एक अन्य महिला घटना के बाद से फरार हैं। उसकी पहचान पुलिस द्वारा कर ली गई हैं,और उसकी तलाश लगातार जारी हैं।इस कार्रवाई में दुलदुला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनील सिंह, सहायक उप निरीक्षक सामुदान टोप्पो, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शेखर सिंह राजपूत, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैकरा, आरक्षक सपना इंदवार, आरक्षक आनंद खलखो सहित थाना दुलदुला के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












