अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,17सितंबर2026
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिला चिकित्सालय बलरामपुर में,रक्तदान महाअभियान आयोजित किया गया। रेड क्रॉस सोसायटी और दीनहीन सेवा समिति के सहयोग से आयोजित इस शिविर में सुबह 10 बजे कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने स्वयं रक्तदान कर जिलेवासियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर के रक्तदान के दौरान जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, रक्तदाता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। स्वयं रक्तदान कर कलेक्टर ने लोगों को यह संदेश दिया,कि जरूरत के समय किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने में आपका रक्त महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता हैं।
🟠‘रक्त का कोई विकल्प नहीं’
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं हैं। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी और शल्य चिकित्सा जैसी आपात परिस्थितियों में समय पर उपलब्ध रक्त किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता हैं।उन्होंने युवाओं, शासकीय सेवकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा,कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने में समाज महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता हैं।
🟠स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से हुआ रक्त संग्रह
शिविर में रक्तदाताओं का पहले स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया।रक्तदान महाअभियान में जिलेवासियों ने भाग लेकर सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का परिचय दिया। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना रहा।












