अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,19सितंबर2026
नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख 2 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में,चलगली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर पीड़ित से अलग-अलग समय पर रकम ली। इतना ही नहीं,भरोसा बनाए रखने के लिए कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र भी व्हाट्सऐप के जरिए भेजा गया। जब नौकरी नहीं लगी और रकम वापस नहीं मिली तो पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
🟠नौकरी दिलाने के नाम पर शुरू हुआ रकम लेने का सिलसिला
पुलिस के मुताबिक,10 सितंबर 2026 को थाना चलगली में ग्राम रनहट निवासी रामअवतार पिता रंजीतलाल राम, उम्र 29 वर्ष ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि उसके रिश्ते का भांजा आशीष सिंह,निवासी सरस्वतीपुर, उसके घर आया और नौकरी लगाने की बात कहकर जरूरी दस्तावेज अपने साथ ले गया।आरोप हैं,कि इसके बाद नौकरी लगाने के नाम पर पहले 50 हजार रुपये नकद लिए गए। फिर फोन पर फिजो पेमेंट बैंक का बारकोड भेजकर अलग-अलग तारीखों में रकम जमा कराई गई। शिकायत के अनुसार, 10 जनवरी को 25 हजार, 11 जनवरी को 25 हजार, 13 जनवरी को 10 हजार और 20 हजार रुपये जमा कराए गए।इसके बाद नोडल अधिकारी के नाम पर 7 हजार रुपये और पासबुक-पेन कार्ड की फोटो व्हाट्सऐप करने के बाद 15 हजार रुपये लिए गए। बाद में 10 फरवरी 2025 को घर जाकर 50 हजार रुपये नकद लेने का भी आरोप हैं। इस तरह शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने कुल 2 लाख 2 हजार रुपये लिए।
🟠फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर करता रहा टालमटोल
शिकायतकर्ता के अनुसार,रकम लेने के बाद आरोपी ने व्हाट्सऐप के माध्यम से फर्जी नियुक्ति पत्र भेजा, लेकिन इसके बावजूद नौकरी नहीं लगी। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी कथित तौर पर आज दूंगा, कल दूंगा कहकर टालता रहा। आरोप हैं,कि फोन नहीं उठाने और घर जाने पर भाग जाने जैसी स्थिति भी सामने आई।पीड़ित की शिकायत पर थाना चलगली में अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत धारा 318(4), 336(3), 338 एवं 340(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
🟠मोबाइल जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी आशीष सिंह पिता रामदिल, उम्र 21 वर्ष, जाति खैरवार, निवासी सरस्वतीपुर, चौकी रनहट, थाना चलगली को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के अनुसार,पूछताछ में आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 19 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
🟠चलगली पुलिस की टीम रही सक्रिय
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कुमार चंदन सिंह, प्रधान आरक्षक विष्णुकांत मिश्रा, साइबर आरक्षक आकाश तिवारी और महिला आरक्षक विनीता यादव की भूमिका रही।पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही हैं।












