संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,24सितंबर2026
रायपुर जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए,परिवहन विभाग ने सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की। मंत्रालय महानदी भवन में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उच्च न्यायालय के निर्देशों के, अनुपालन में विभिन्न ब्लैक स्पॉट पर चल रहे कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।बैठक में टाटीबंध, भाठागांव, बेमता-भुइंया, सिलतरा ओवरब्रिज-निको गेट और पारागांव-निसदा मोड़ सहित अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की जानकारी ली गई। संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
🟠अतिक्रमण और अवैध ढाबों पर कार्रवाई के निर्देश
सचिव परिवहन ने अधिकारियों से कहा,कि सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट की वर्तमान स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं। सड़कों पर किए गए अनाधिकृत अतिक्रमण और अवैध ढाबों को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।इसके अलावा शराब दुकानों के आसपास सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, जरूरत के अनुसार पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और संकेतक बोर्ड लगाने को कहा गया।
🟠ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी निर्देश दिए गए। डिवाइडर की अनधिकृत कटिंग रोकने, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के, खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा अवैध पार्किंग पर सख्ती बरतने को कहा गया।जरूरत के अनुसार गति नियंत्रण संबंधी उपाय लागू करने और सड़क चौड़ीकरण सहित अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
🟠सड़क सुरक्षा के लिए चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
अधिकारियों को आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जन-जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि ब्लैक स्पॉट पर केवल बुनियादी ढांचे में सुधार ही नहीं, बल्कि यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाए।सचिव परिवहन ने सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया,कि किए गए कार्यों की पूर्व और वर्तमान स्थिति का अनुपालन प्रतिवेदन, आवश्यक फोटोग्राफ के साथ निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।बैठक में संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) वाई. अक्षय कुमार, उप परिवहन आयुक्त मनोज कुमार ध्रुव सहित लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, आबकारी, परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारी तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।












