अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,26सितंबर2026
आगामी त्योहारों और जिले में लंबित मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराध, मर्ग, गुमशुदगी, गंभीर अपराध, एनडीपीएस, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, पॉक्सो, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, यातायात और कानून-व्यवस्था सहित पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।SP ने थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने के साथ जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
🟠एक साल से ज्यादा पुराने मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराधों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए,जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके अलावा लंबित चीटफंड, धोखाधड़ी के मामले, शिकायतें और पीड़ित मुआवजा प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।
🟠गुमशुदा लोगों की तलाश और ऑपरेशन मुस्कान पर फोकस
गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए SP ने थाना प्रभारियों को उनकी तलाश के लिए,हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।विशेष रूप से ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों की तलाश, उन्हें सुरक्षित बरामद करने और उनके पुनर्वास की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
🟠नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई, जब्त वाहनों की राजसाती पर जोर
एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने नशीले पदार्थों की तस्करी और उनके दुरुपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।उन्होंने एनडीपीएस मामलों में जब्त वाहनों की राजसाती की कार्रवाई के साथ नशे के अवैध कारोबार से जुड़े, वित्तीय पहलुओं की जांच करने तथा बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाकर पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।नशा मुक्ति अभियान को भी प्रभावी बनाने और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
🟠साइबर अपराध के नए तरीकों पर पुलिस को किया अलर्ट
15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे साइबर जागृति अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को, जागरूक करने के निर्देश दिए गए।बैठक में साइबर अपराध के नए तौर-तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें म्यूल अकाउंट, पॉइंट ऑफ सेल इन्वेस्टीगेशन, सोशल इंजीनियरिंग, फेक APK और OTP फ्रॉड जैसे साइबर अपराध शामिल रहे।SP ने पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध की जांच के लिए आवश्यक प्रशिक्षण देने और आम जनता को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए। IT Act से जुड़े मामलों की त्वरित जांच और निराकरण पर भी जोर दिया गया।
🟠महिला और बाल अपराधों की जांच में तेजी के निर्देश
महिलाओं से संबंधित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक ने ऐसे मामलों को प्राथमिकता के साथ जांचने के निर्देश दिए। पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।इसके साथ ही पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों की जांच में तेजी लाने और पीड़ित बच्चों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
🟠प्रतिबंधात्मक कार्रवाई से अपराधों पर नियंत्रण का निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अपराध की रोकथाम के लिए, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संदिग्ध और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यकतानुसार वैधानिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी और गश्त बढ़ाने के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखने को कहा गया।
🟠यातायात नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान SP ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में प्रभावी वैधानिक कार्रवाई पर जोर दिया।साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
🟠त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी
आगामी त्योहारों को देखते हुए,जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और संभावित परिस्थितियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।SP ने स्पष्ट किया,कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पुलिस को सतर्क एवं संवेदनशील पुलिसिंग के साथ काम करना होगा।
🟠जनता की शिकायतों का समय पर हो निराकरण
बैठक में लंबित शिकायतों के निराकरण पर भी विशेष चर्चा हुई। SP ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया,कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
🟠अनुशासन और जनसेवा को बताया पुलिस की प्राथमिकता
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने जिले के, सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठा,अनुशासन और ईमानदारी के साथ पालन करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रमुख उद्देश्य जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाना हैं। इसके लिए पुलिसकर्मियों को मेहनत, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
🟠 बैठक में अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वाड्रफनगर SDOP रामअवतार ध्रुव, SDOP कुसमी अलेक्सिस टोप्पो, रामानुजगंज SDOP राजेश बांगड़े, DSP हेडक्वार्टर प्रमोद किस्पोट्टा, DSP अजाक कमलेश्वर भगत सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय बलरामपुर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












